अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला- हरियाणा प्रोग्रेसिव स्कूल्स कॉन्फ्रेंस (एचपीएससी) के तत्वावधान में शिक्षा के क्षेत्र में एक और प्रेरणादायी एवं यादगार अध्याय जुड़ने जा रहा है। “उत्कृष्ट शिक्षा सम्मान 2026” का तृतीय संस्करण 05 अगस्त 2026 को अंबाला स्थित पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने की पूजा फाउंडेशन की एक सराहनीय पहल है, जिसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का उत्साहवर्धन करना है।इस गरिमापूर्ण आयोजन में अंबाला के लगभग 70 प्रतिष्ठित विद्यालयों से चयनित 350 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रशस्ति-पत्रों के साथ प्रोत्साहनस्वरूप नगद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अपना स्थान सुरक्षित करने वाले विद्यार्थियों को भी उनकी शैक्षणिक श्रेष्ठता के लिए अलंकृत किया जाएगा।यह समारोह समाजसेवा, शिक्षा एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली पूजा फाउंडेशन के सहयोग एवं सान्निध्य में संपन्न होगा। श्री विनोद कुमार जी का सदैव यह उद्देश्य रहा है कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की योग्यता को केवल पहचान ही न मिले, बल्कि उन्हें उचित मंच प्रदान कर सम्मानित भी किया जाए, ताकि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का आधार बन सके।कार्यक्रम में हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा अपने कर-कमलों से विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर पूर्व परिवहन मंत्री श्री असीम गोयल, पूजा फाउंडेशन के ट्रस्टी श्री विनोद कुमार तथा एचपीएससी के राज्य अध्यक्ष श्री सुरेश चंद विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।एचपीएससी के जोनल अध्यक्ष श्री प्रशांत मुंजाल ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में अंबाला एचपीएससी के जिलाध्यक्ष श्री राजीव महेता, राज्य प्रेस सचिव श्री सौरभ कपूर, सहोदय जिलाध्यक्ष डॉ. विकास कोहली तथा महासचिव श्रीमती रुचिका भुटानी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि अंबाला की पावन भूमि पर तीसरी बार इतने व्यापक स्तर पर “उत्कृष्ट शिक्षा सम्मान” समारोह का आयोजन होना शिक्षा जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के साथ-साथ संपूर्ण शिक्षण समुदाय के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बनेगा।









