अमित अठवाल
अंबाला कवरेज@ अंबाला। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना एवं चिरायु योजना की प्रगति को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा जिले के सूचीबद्ध (इम्पैनल्ड) अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी (सीएमजीजीए) वैशाखी ने उपायुक्त को पीपीटी के माध्यम से आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना, चिरायु योजना तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के तहत जिले में किए जा रहे कार्यों, पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं और योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उपायुक्त ने सूचीबद्ध अस्पतालों के प्रतिनिधियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में समस्याओं तथा अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी भी ली। उपायुक्त ने वर्ष 2025-2026 के दौरान जिले के विभिन्न अस्पतालों में कितने मरीजों को आयुष्मान एवं चिरायु योजना का लाभ मिला, किए गए क्लेम, भुगतान तथा अन्य संबंधित बिंदुओं की भी समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान एवं चिरायु कार्ड बनवाने के कार्य में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले मेंयोजना के संबंध में व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं प्रभावी रूप से कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सूचीबद्ध अस्पतालों के प्रतिनिधियों को कहा कि योजना के तहत अस्पतालों में हेल्प डेस्क स्थापित कर लाभार्थियों को योजना से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी बोर्ड एवं अन्य माध्यमों से प्रदर्शित की जाए। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि आयुष्मान भारत एवं चिरायु योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं हैं। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रेनू बेरी, सीएमजीजीए वैशाखी, निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








