वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMBALA COVERAGE NEWS स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय से पूरी करें अधिकारी- कनिका गोयल

अमित अठवाल
अंबाला कवरेज@अंबाला। उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एसडीएम अंबाला छावनी कनिका गोयल ने अपने कार्यालय के सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करना सुनिश्चित करें, ताकि समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जा सके। इसके साथ उन्होंने विभागों में उत्कृष्ठ व सराहनीय कार्य करने वाले कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों और खेल विभाग में सराहनीय कार्य करने वाले बच्चों का नाम एसडीएम कार्यालय में जल्द भिजवाने के निर्देश दिए।
एसडीएम कनिका गोयल ने बताया कि उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह एसडी कॉलेज, अम्बाला छावनी के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह हमारा राष्ट्रीय पर्व है। इसलिए समारोह के आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग समारोह के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को एसडी कॉलेज अम्बाला छावनी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पीटी, परेड तथा अन्य प्रस्तुतियों की रिहर्सल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर पूरी करवाना सुनिश्चित करें।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपमंडल स्तर के स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं तथा शहीदों के परिजनों को सम्मानपूर्वक समारोह में आमंत्रित किया जाए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समारोह में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग उत्कृष्ठ एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचरियों और खेल में बच्चों के नाम जल्द कार्यालय में भिजवाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध, सजावट, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, मंच व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर, बीडीपीओ अश्विनी कुमार, बीडीपीओ फैनी, नायब तहसीलदार साहा हरिओम, जिला खेल अधिकारी राम कुमार, वन विभाग से पवन कुमार, अतिरिक्त एसएमओ डा0 पंकज सैनी, बीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Ambala Coverage
Author: Ambala Coverage

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें

This will close in 0 seconds