अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @अंबाला। सनातन धर्म कॉलेज, अम्बाला कैंट में 19 अगस्त 2026 को प्रात: 11:00 बजे सेमिनार हॉल-1 में यौन उत्पीड़न की रोकथाम एवं कानूनी जागरूकता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लीगल लिटरेसी सेल, महिला सेल एवं आईसीसीएएसएच के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण अम्बाला के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कृष्ण कुमार, कन्वीनर, लीगल लिटरेसी सेल द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यक्रम के विषय एवं उद्देश्य से अवगत कराते हुए यौन उत्पीड़न की रोकथाम, इसके प्रति जागरूकता तथा विद्यार्थियों के कानूनी अधिकारों के बारे में प्रारंभिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में भी जागरूक किया। इसके पश्चात एडवोकेट बलराम, पैरा लीगल वालंटियर, कार्यालय जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, अम्बाला ने विद्यार्थियों को यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने यौन उत्पीड़न से संबंधित विभिन्न परिस्थितियों, शिकायत की प्रक्रिया, उपलब्ध कानूनी सहायता तथा पीड़ितों के लिए उपलब्ध अधिकारों एवं संरक्षण के बारे में जागरूक किया। उनका व्याख्यान अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रभावशाली रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित माध्यम से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विषय में गहरी रुचि दिखाई और मुख्य वक्ता द्वारा दी गई महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यौन उत्पीड़न के प्रति संवेदनशील बनाना, उन्हें अपने कानूनी अधिकारों एवं जिम्मेदारियों से परिचित कराना तथा कॉलेज में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं लैंगिक रूप से संवेदनशील वातावरण को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर डॉ. दिव्या, डॉ. हरविंदर कौर, डॉ. राजेश, डॉ. कवलीन, डॉ. सरयू, प्रो. नीलम, डॉ. रेनू तथा डॉ. हरविंदर सिंह सहित कॉलेज के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिक्षकगण ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. दिव्या जैन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य वक्ता एडवोकेट बलराम, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, अम्बाला, कॉलेज प्रशासन, लीगल लिटरेसी सेल, महिला सेल एवं कउउअरऌ के सदस्यों, उपस्थित शिक्षकगण तथा सभी विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की सफलता पर प्रो. अलका शर्मा, कार्यवाहक प्राचार्य, ने आयोजकों एवं मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल दिया।









