अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के सदस्य सचिव एडवोकेट रोहित जैन ने अंबाला शहर के रामबाग श्मशान घाट तक जाने वाले मार्ग की वर्तमान स्थिति को अत्यंत चिंताजनक और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा की सड़क निर्माण कार्य की अव्यवस्था तथा निकासी व्यवस्था के अभाव के कारण पूरे मार्ग पर कई दिनों से पानी भरा हुआ है। विडंबना यह है कि पिछले कई दिनों से वर्षा न होने के बावजूद पानी आज भी जमा हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रशासन ने जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की है।प्रदेश कांग्रेस के डेलीगेट रोहित जैन ने कहा स्थिति इतनी भयावह है कि शोकाकुल परिवारों के लिए अपने प्रियजनों के पार्थिव शरीर को श्मशान घाट तक ले जाना भी लगभग असंभव हो गया है। अंतिम यात्रा जैसी संवेदनशील घड़ी में लोगों को कीचड़, गंदे पानी और टूटी हुई सड़क से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के प्रति घोर उदासीनता का परिचायक है

जैन ने कहा हम जिला प्रशासन को यह याद दिलाना चाहते हैं कि श्मशान घाट वह स्थान है, जहां जीवन के अंतिम पड़ाव पर हर व्यक्ति को आना है। इसलिए इस स्थान तक पहुंचने वाले मार्ग की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। जो अधिकारी आज इस समस्या से आंखें मूंद रहे हैं, उन्हें भी यह समझना चाहिए कि जीवन की अंतिम यात्रा का मार्ग सम्मानजनक और सुगम होना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है उन्होंने जिला प्रशासन से मांग कि:* रामबाग श्मशान घाट जाने वाले मार्ग से तत्काल जलभराव समाप्त किया जाए।* सड़क निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए।* स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।* जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों हेतु सुरक्षित एवं सुगम वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए।जिला बार अम्बाला के पूर्व प्रधान रोहित जैन ने कहा की यदि प्रशासन ने शीघ्र इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया, तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में लोकतांत्रिक ढंग से आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।








