वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMBALA COVERAGE NEWS योग्यता और मेहनत ही नए हरियाणा की पहचान, किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की उड़ान संसाधनों की कमी से नहीं रुकेगी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि हरियाणा के किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की उड़ान संसाधनों की कमी के कारण नहीं रुकने दी जाएगी। शिक्षा में समान अवसर, पारदर्शी व्यवस्था और योग्यता का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा पूरे आत्मविश्वास के साथ कह सकता है कि उसे अपनी मेहनत पर भरोसा है, न कि सिफारिश या खर्ची-पर्ची पर। प्रतिभा का सम्मान और पारदर्शिता ही नए हरियाणा की पहचान बन चुकी है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को पुलिस डीएवी स्कूल अम्बाला शहर के सभागार में आयोजित ‘उत्कृष्ट शिक्षा पुरस्कार-2026’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 70 से अधिक विद्यालयों के 10वीं, 12वीं तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 250 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल विद्यार्थियों की सफलता का नहीं, बल्कि माता-पिता के त्याग और शिक्षकों की तपस्या का भी सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विद्यार्थियों की चमकती आंखों में उन्हें ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ का उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। किसी में वैज्ञानिक, किसी में चिकित्सक, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासक और किसी में देश का नेतृत्व करने की क्षमता दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आज मिलने वाला सम्मान विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है जो उन्हें भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा।
श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम का आयोजन करने वाली पूजा फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने लगातार प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया है। अंबाला जिले के 70 से अधिक विद्यालयों के 250 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को एक मंच पर सम्मानित करना समाज में परिश्रम की प्रतिष्ठा स्थापित करने वाला सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना राष्ट्र निर्माण की सच्ची सेवा है और ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा में अच्छे अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन जीवन की सबसे बड़ी परीक्षा अभी बाकी है। अंक अवसर देते हैं, जबकि आचरण पहचान बनाता है। डिग्री रोजगार दिला सकती है, लेकिन संस्कार सम्मान दिलाते हैं। उन्होंने युवाओं से माता-पिता, गुरुजनों, मातृभूमि और अपने संस्कारों से हमेशा जुड़े रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। विकसित भारत केवल सरकारी योजनाओं से नहीं बनेगा, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों, युवाओं के अनुसंधान, खिलाडिय़ों की मेहनत और जिम्मेदार नागरिकों के चरित्र से निर्मित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भर्ती व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। पहले युवाओं को यह आशंका रहती थी कि कहीं परिवारवाद और सिफारिश उनकी मेहनत पर भारी न पड़ जाए, लेकिन अब सरकार की स्पष्ट नीति है कि अवसर सभी को मिलेंगे और चयन केवल योग्यता के आधार पर होगा। इससे गरीब और सामान्य परिवारों के युवाओं का आत्मसम्मान भी मजबूत हुआ है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों के साधनहीन विद्यार्थियों के लिए मिशन बुनियाद व सुपर-100 कार्यक्रम शुरू किए गए। इन कार्यक्रमों में चयनित बच्चों का प्रवेश आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी तथा प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में हुआ है। इसी प्रकार हरियाणा में शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए संस्कृति मॉडल स्कूल तथा पीएमश्री स्कूल खोले गए हैं।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों द्वारा प्राप्त पदकों को हरियाणा की बेहतरीन खेल नीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की खेल नीति पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं की अपनी सरकार के कार्यकाल में दो लाइन की नीति थी-पदक लाओ-पद पाओ। लेकिन आज पूरे प्रदेश को पता है कि वर्तमान सरकार खिलाडिय़ों को सभी सुविधाएं दे रही है जिसके चलते हमारे खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

 

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज देश में दो प्रकार की विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। एक विचारधारा नरेंद्र मोदी की है जिसमें देश को आगे बढ़ाने और भारत को नंबर वन बनाना है। दूसरी विचाराधारा कांग्रेस की है जिसने 55 साल से अधिक समय तक देश पर राज किया और अपने परिवार की भलाई के अलावा कुछ नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी ने संसद में पेपर लीक पर चर्चा तो की लेकिन कोई कानून बनाने का साहस नहीं कर सके जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के खिलाफ न केवल सख्त बिल बनाया बल्कि इसे लागू भी किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री असीम गोयल ने मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर अभिनंदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं, चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो, खेल जगत हो या अन्य हो। खेल जगत की बात करते हुए उन्होंने कहा कि कॉमन वैल्थ गेम में हरियाणा के खिलाडियों ने अपना लोहा मनवाते हुए अनेक पदक जीते हैं और पदक जीतने में लडकियों ने भी बाजी मारी है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को बेहरत शिक्षा मिले इसके लिए पीएम श्री स्कूल, सीएमईईई स्कूल बनाए गए हैं। नई शिक्षा नीति का विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी को फायदा मिला है। उन्होंने इस मौके पर विद्यार्थियों को यह भी कहा कि विद्यवता एवं ज्ञान किसी का मोहताज नहीं होता, विद्यार्थियों को उन्होंने अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि समाज व प्रदेश के लिए वह कार्य करें। उन्होंने इस अवसर पर सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को ओर बेहतर शिक्षा एवं सुविधा मिले इसके लिए मुख्यमंत्री द्वारा करोडों रूपए का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसके लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूजा फाउंडेशन संस्था व एचपीएससी के सौजन्य से विद्यार्थियों के लिए यहां पर आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर पूजा फाउंडेशन के संस्थापक विनोद कुमार ने मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य का सम्मान मनाने के लिए यहां पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। विद्यार्थियों ने जो मुकाम हासिल किया है उसके पीछे उनका कठिन परिश्रम व त्याग है। उन्होंने अम्बाला में आईएमटी की सौगात देने के लिए व्यापारियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि आईएमटी बनने से अम्बाला को नई दिशा मिलेगी, रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने इस मौके पर व्यापारियों की ओर से कलस्टर केन्द्र बनाए जाने बारे आग्रह किया ताकि व्यापारियों को ओर बेहतर सुविधा मिल सके।
इस मौके पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, मेयर अक्षिता सैनी, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, एसडीएम दर्शन कुमार, संपदा अधिकारी नीलम मेहरा, पूजा फाउडेशन के संस्थापक विनोद कुमार, एचपीएससी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्र, भाजपा उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, भाजपा जिलाध्यक्ष मंदीप राणा, सूचना आयुक्त नीता खेड़ा, प्रदेश मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, एचपीएससी जोनल अध्यक्ष प्रशांत मुंजाल, जिला अध्यक्ष राजीव मेहता, अध्यक्ष एपीएसएसए डा0 विकास कोहली, ऋषभ गुप्ता, एचपीएससी प्रदेश सचिव सौरव कपूर, एचपीएसएसए की महासचिव डा0 रूचिका भूटानी, पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, मंडल अध्यक्ष गुरविन्द्र सिंह मानकपुर, जिला महामंत्री कर्मचंद गोल्डी, विवेक गुप्ता, पार्षद मनीष आनंद मन्नी, भाजपा पदाधिकारी नम्रता गौड़, बीनू गर्ग, दिपीन राव, अर्पित अग्रवाल के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहें।

Ambala Coverage
Author: Ambala Coverage

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें

This will close in 0 seconds