अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के “नशा मुक्त भारत अभियान” एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा 6 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक देशव्यापी “10 करोड़ नशा-मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” आयोजित किया जा रहा है। ब्रह्माकुमारी शांतिधाम, 36-37, दयाल बाग में विशाल भव्य कार्येक्रम आयोजित कर इस महाअभियान का शुभारम्भ किया गया। इस अभियान में भाग लेने वाले सभी बीके भाई बहनों ने दीप प्रज्वलित कर हर्षोल्लास से इसका शुभारम्भ किया। 2 अगस्त को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने *“नशामुक्त युवा – विकसित भारत”* संकल्प अभियान के अंतर्गत दिल्ली से राष्ट्र को विशेष संबोधित करा। अंबाला सब्ज़ोन निर्देशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने बताया इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य 10 करोड़ नागरिकों को नशामुक्त जीवन की प्रतिज्ञा दिलाकर भारत को नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय प्रयासों को जनभागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाना है। यह महाअभियान ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका श्रद्धेय राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति को समर्पित है। दादी जी ने अपने संपूर्ण जीवन में आध्यात्मिक जागृति, नैतिक मूल्यों, सेवा एवं मानव कल्याण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया। उनकी प्रेरणादायी स्मृति को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से यह राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन आयोजित किया जा रहा है। राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी प्रीती दीदी ने कहा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय पिछले लगभग 90 वर्षों से राजयोग मेडिटेशन, मूल्य शिक्षा, सकारात्मक चिंतन एवं आध्यात्मिक जीवनशैली के माध्यम से विश्वभर में समाज सेवा का कार्य कर रहा है। संस्था का विश्वास है कि स्थायी नशामुक्ति केवल जागरूकता से नहीं, बल्कि मन की शक्ति, आत्मजागृति एवं सकारात्मक जीवनशैली से संभव है। इसी उद्देश्य से यह अभियान जन-जन तक आत्मविश्वास, आत्मसंयम एवं श्रेष्ठ संस्कारों का संदेश पहुँचाएगा। ब्रह्माकुमार राकेश मेहता ने बताया 4 अगस्त 2026 को ब्रह्माकुमारीज़ के देशभर में स्थित हजारों सेवा केन्द्रों के माध्यम से लगभग 800 जिलों में एक साथ जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा विभिन्न संगठनों में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, राजयोग मेडिटेशन सत्र, युवा संवाद, रैलियाँ, प्रदर्शनी एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीनियर अधिवक्ता बीके कमलेश गुप्ता जी ने कहा इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक से आह्वान किया जाएगा कि वह स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प ले। अपने परिवार में नशामुक्त वातावरण विकसित करे। अपने मित्रों एवं समाज को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करे। कम से कम पाँच अन्य लोगों को इस अभियान से जोड़कर नशामुक्ति प्रतिज्ञा दिलाए।
रिटायर्ड प्रिंसिपल पवन शर्मा जी ने सभी को अपनी शुभकामना दी।
मंच संचालन बीके आरती बहन ने किया।









