अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहरी) की पहली संगठनात्मक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष विनोद धीमानकी अध्यक्षता में कांग्रेस भवन में आयोजित हुई। बैठक में अंबाला शहर के विधायक चौधरी निर्मल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पवन अग्रवाल, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष राकेश मेहला, युवा कांग्रेस नेता रोहित विश्व शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि संगठन के गठन के बाद कांग्रेस पहले से अधिक मजबूत होकर जनता के बीच खड़ी है और भाजपा सरकार की जनविरोधी एवं तानाशाही नीतियों का हर स्तर पर मजबूती से विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश के जिन मुद्दों को उठाते हैं और भविष्य को लेकर जो चेतावनियां देते हैं, वे समय के साथ सही साबित हो रही हैं। हाल के विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली हार ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता का विश्वास भाजपा से लगातार उठ रहा है। बिहार की बांकीपुर सीट पर मिली हार इसका बड़ा उदाहरण है। चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि आज देश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, किसान अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं पा रहा, मजदूर और कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, व्यापारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं तथा महिलाएं महंगाई और असुरक्षा का सामना कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और भाषणों की राजनीति कर रही है, जबकि जनता अपने मूलभूत अधिकारों के लिए भटक रही है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष विनोद धीमान ने दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सदन के समक्ष रखे, जिन्हें उपस्थित सभी कार्यकतार्ओं ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से पारित किया।
‘सड़क से सदन तक’ लड़ेगी कांग्रेस
विनोद धीमान ने कहा कि अंबाला शहर में वर्षों से रुके विकास कार्य, अवैध कॉलोनियों को वैध कराने का मुद्दा, नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, सफाई व्यवस्था, जलभराव तथा अन्य जनसमस्याओं पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि विधायक चौधरी निर्मल सिंह पिछले दो वर्षों से विधानसभा में लगातार अंबाला शहर की जनता की आवाज बुलंद कर रहे हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें अनदेखा कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी विधानसभा सत्र के दौरान “सड़क से सदन तक”अभियान चलाया जाएगा। विधानसभा के अंदर चौधरी निर्मल सिंह जनता के मुद्दे उठाएंगे, जबकि विधानसभा सत्र के प्रत्येक दिन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहरी शहर में जनआंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेगी। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक अवैध कॉलोनियों को वैध नहीं किया जाता और नगर निगम के भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती।
हर वार्ड में होगी कांग्रेस की मासिक बैठक
दूसरा प्रस्ताव रखते हुए विनोद धीमान ने कहा कि अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठकें केवल कांग्रेस भवन तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में आयोजित की जाएंगी, ताकि कांग्रेस सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करे।
इन दोनों प्रस्तावों का विधायक चौधरी निर्मल सिंह जिला अध्यक्ष पवन अग्रवाल, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष राकेश मेहला तथा उपस्थित सभी कार्यकतार्ओं ने जोरदार समर्थन किया और सर्वसम्मति से पारित किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी ब्लॉक कांग्रेस द्वारा शुरू किए जा रहे इस जनआंदोलन में पूरी ताकत के साथ भागीदारी करेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। युवा कांग्रेस नेता रोहित विश्व शर्मा ने कहा कि जिला अध्यक्ष पवन अग्रवाल के नेतृत्व में संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है तथा ब्लॉक अध्यक्ष विनोद धीमान पूरी मजबूती से अंबाला शहर के जनहित के मुद्दों को उठा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि युवा कांग्रेस इस आंदोलन में पूरी सक्रियता से भाग लेगी। अंत में ब्लॉक अध्यक्ष विनोद धीमान ने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। अंबाला शहर के विकास, अवैध कॉलोनियों को वैध कराने, नगर निगम के भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और हर जनसमस्या के समाधान तक कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।









