अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला । नारायणगढ़। कार्यकारी अभियंता अनिल चौहान के निदेर्शानुसार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव अंधेरी तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने गांव में विभिन्न स्थानों पर पेयजल कनेक्शनों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई अवैध एवं अनधिकृत पेयजल कनेक्शन पाए गए। संबंधित उपभोक्ताओं को पूर्व में नियमों के अनुरूप अवैध कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कई अवैध पेयजल कनेक्शन काट दिए। उपमंडल अभियंता अंकुश सैगल ने बताया कि अवैध पेयजल कनेक्शन विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ नियमित उपभोक्ताओं तक पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने में भी बाधा उत्पन्न करते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। भूजल स्तर में लगातार गिरावट, पानी की बढ़ती मांग तथा जल की बबार्दी के कारण आने वाले वर्षों में पेयजल की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग करें, अनावश्यक जल व्यर्थ न बहाएं तथा वर्षा जल संचयन एवं जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। कार्यकारी अभियंता अनिल चौहान ने कहा कि विभाग सभी उपभोक्ताओं तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध पेयजल कनेक्शन रखने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी विभागीय नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस अभियान में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई कपिल सैणी बीआरसी पूजा रानी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण, पेयजल के सदुपयोग एवं अवैध कनेक्शनों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।









