अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला 17 जुलाई से 27 जुलाई तक विभिन्न खेल स्थलों—पी.के.आर. जैन वाटिका स्कूल, राजीव गांधी स्टेडियम (सेक्टर-10), पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, मुरलीधर डी.ए.वी. स्कूल तथा तुलसी पब्लिक स्कूल—में आयोजित खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में डी.ए.वी. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, जगाधरी गेट, अम्बाला सिटी के खिलाड़ियों ने अनुशासन, उत्कृष्ट खेल कौशल एवं अदम्य टीम भावना का परिचय देते हुए उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।विद्यालय की टीमों ने अंडर-17 बालिका हैंडबॉल, अंडर-14 बालिका हैंडबॉल, अंडर-14 बालक हैंडबॉल, अंडर-14 बालक फुटबॉल तथा अंडर-19 बालक खो-खो प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।इसके अतिरिक्त अंडर-17 बालक हैंडबॉल, अंडर-19 बालक हैंडबॉल, अंडर-19 बालक क्रिकेट, अंडर-17 बालक शतरंज तथा अंडर-19 बालक बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में द्वितीय स्थान प्राप्त कर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।इन उत्कृष्ट उपलब्धियों के आधार पर विद्यालय के 84 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है, जिनका आयोजन 28 जुलाई से प्रारम्भ होगा। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कठोर मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्कृष्ट खेल वातावरण का परिणाम है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राधा रमण सूरी ने सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा “जीत केवल पदकों की नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास की होती है। हमारे विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय और प्रदेश का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे।”उन्होंने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में उनका विश्वास, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएँ देते हुए उनसे पूरे आत्मविश्वास, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ विद्यालय का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।









