अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय नशा तस्करों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों की संलिप्तता वाले नशा तस्करी नेटवर्क पर भी लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में ANC स्टाफ अम्बाला की टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी नागरिक को 60 ग्राम MDMA तथा 52 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को थाना अम्बाला सदर क्षेत्र के अंतर्गत देवी नगर के नजदीक स्थित एक पेट्रोल पम्प के पास से काबू किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
आरोपी की पहचान और बरामदगी,
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन निवासी लाइबेरिया, वर्तमान निवासी अमायरा ग्रीन, खरड़, जिला मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 ग्राम MDMA और 52 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस संबंध में थाना अम्बाला सदर में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस रिमांड के दौरान खंगाला जाएगा नशा तस्करी का नेटवर्क,
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से प्राप्त करता था तथा इन्हें किन व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही, नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इसके अतिरिक्त, पुलिस आरोपी के लाइबेरिया से भारत आने के उद्देश्य, पासपोर्ट एवं अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल करते हुए नशा तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ANC स्टाफ की टीम ने की कार्रवाई,
यह कार्रवाई ANC स्टाफ अम्बाला के सहायक उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक रणबीर सिंह एवं उनकी टीम द्वारा ANC स्टाफ इंचार्ज उप निरीक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
इस वर्ष 4 विदेशी नशा तस्कर गिरफ्तार,पुलिस अधीक्षक अम्बाला श्री अजीत सिंह शेखावत के दिशा-निर्देशों के तहत अम्बाला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा न केवल स्थानीय स्तर पर नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, बल्कि विदेशी नशा तस्करों और उनसे जुड़े संभावित नेटवर्क पर भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष अब तक 4 विदेशी नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अम्बाला पुलिस का स्पष्ट उद्देश्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना, इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को उजागर करना तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
नशा तस्करी की सूचना पुलिस को दें,
अम्बाला पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी व्यक्ति को नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वह पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
नशे के खिलाफ लड़ाई में अम्बाला पुलिस का सहयोग करें—नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।







