अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार के संदेश के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग हरियाणा द्वारा रविवार को सिविल अस्पताल अंबाला छावनी में जिला स्तरीय पोलियो बूथ का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अंबाला छावनी कनिका गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने हाथों से नन्हे बच्चों को पोलियो की खुराक भी पिलाई।इससे पहले सिविल अस्पताल पहुंचने पर पीएमओ एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एसडीएम का स्वागत किया। इसके अतिरिक्त जिले के गांवों में भी ग्राम पंचायतों के माध्यम से सरपंचों की उपस्थिति में पोलियो बूथों का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल ने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो कि दवा लेना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान में कोई भी पात्र बच्चा छूटना नहीं चाहिए। सभी विभागों और आमजन के आपसी सहयोग से ही पोलियो मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।
एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अभियान की शुरुआत आज सिविल अस्पताल अंबाला छावनी से की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में यह तीन दिवसीय अभियान 22 से 24 नवंबर तक चलाया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर खुराक पिलवा सकते हैं। इसके बाद 23 एवं 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित विभागों की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ पर नहीं पहुंच पाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे।उल्लेखनीय है कि पोलियो अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर एसडीएम कनिका गोयल ने बीते दिनों स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ सेना, रेलवे, पंचायती राज एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा अभियान के दौरान शत-प्रतिशत बच्चों को कवर करने के निर्देश दिए थे।इस अवसर पर पीएमओ सिविल अस्पताल अंबाला छावनी डॉ. पूंजा पेंटल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जश्नप्रीत सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. चित्रा शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









