अंबाला कवरेज @ यमुनानगर, – विश्व मत्स्यिकी दिवस 2026 के उपलक्ष्य में गांव भूड़ माजरा में मत्स्य विभाग, हरियाणा द्वारा राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जलभराव स्रोतों में मत्स्य संरक्षण एवं पुनर्वास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत जलभराव स्रोतों में मछली बीज का संचयन किया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के माननीय कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा हरियाणा के पूर्व मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मत्स्य विभाग, हरियाणा के निदेशक पवन कुमार तथा जिला मत्स्य अधिकारी श्रीमती सुमन भी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त कश्मीर सिंह, उप निदेशक मत्स्य पालन, रोहतक; राजन खोरा, उप निदेशक मत्स्य पालन (मुख्यालय), पंचकूला; दिलबाग सिंह, जिला मत्स्य अधिकारी, अंबाला सहित मत्स्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री श्याम सिंह राणा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा जलभराव स्रोतों में मछली बीज का संचयन किया गया तथा मत्स्य संरक्षण एवं पुनर्वास कार्यक्रम में सहभागिता की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 400 से 500 किसानों एवं मत्स्य पालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में मत्स्य पालन को बढ़ावा देना, मछली उत्पादन में वृद्धि करना तथा मछली एवं झींगा पालन से जुड़े किसानों को नवीनतम तकनीकों, सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान किसानों को मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रदेश में मछली एवं झींगा पालन को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि गहन मत्स्य विकास योजना के अंतर्गत सोलर सिस्टम पर अनुदान हेतु पात्र क्षमता 10 किलोवाट से बढ़ाकर 30 किलोवाट कर दी गई है। इसके अतिरिक्त झींगा पालकों को प्रोत्साहन देने के लिए बिजली की दर 4.75 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित की गई है। मत्स्य पालकों के तालाबों पर ही जल नमूनों की जांच की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा मोबाइल जल परीक्षण प्रयोगशालाओं की व्यवस्था की जा चुकी है, जिससे मत्स्य पालकों को अपने तालाबों के पानी की गुणवत्ता की जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
किसानों एवं मत्स्य पालकों ने मत्स्य पालन से संबंधित अपनी समस्याओं एवं चुनौतियों से विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया। विभागीय अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु विभाग द्वारा किए जाने वाले प्रयासों एवं उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील मत्स्य पालकों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मंत्री श्याम सिंह राणा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रगतिशील मत्स्य पालकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें मछली पालन, झींगा आहार उत्पादन एवं झींगा पालन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर मत्स्य पालन को किसानों की आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बनाया जा सकता है। मत्स्य पालन न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाता है, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तथा पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों एवं मत्स्य पालकों की भागीदारी ने प्रदेश में मत्स्य एवं झींगा पालन के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि को दर्शाया। कार्यक्रम का उद्देश्य वैज्ञानिक एवं आधुनिक मत्स्य पालन को बढ़ावा देना, जलभराव स्रोतों में मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं पुनर्वास करना, किसानों की आय में वृद्धि करना तथा हरियाणा को मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के प्रयासों को और गति प्रदान करना रहा।







