अमित अठवाल
अंबाला कवरेज@अंबाला। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मंगलवार को नागरिक अस्पताल अम्बाला शहर के नजदीक 200 से 300 बैड के निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ सिविल सर्जन डा. रेणु बेरी व विधानसभा संयोजक रितेश गोयल मौजूद रहे। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने यहां का निरीक्षण करते हुए अस्पताल से सम्बन्धित क्या-क्या कार्य कर लिए गए हैं और क्या-क्या कार्य शेष बचे हैं, इस बारे सम्बन्धित विभाग व एंजैसी से विस्तार से जानकारी हासिल की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग भवन एवं सडकें तथा लोक निर्माण विभाग के इलैक्ट्रीकल विंग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि उनके विभाग से सम्बन्धित जो भी कार्य शेष बचा है उसकी रूपरेखा तैयार करते हुए कार्य में तेजी लाएं। उन्होने इस दौरान यह भी कहा कि 11 सितम्बर तक इस अस्पताल का निर्माण कार्य शत प्रतिशत पूरा होना सुनिश्चित होना चाहिए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लगाई जाने वाली लिफ्ट की कार्य प्रगति बारे, इलैक्ट्रीकल वर्क बारे, अस्पताल से सम्बन्धित फर्नीचर बारे, फिनिशिंग के कार्य के साथ-साथ अन्य इससे जुड़े कार्यों के बारे विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 11 सितम्बर तक अस्पताल का निर्माण कार्य शत प्रतिशत पूरा होना चाहिए। इस कार्य के लिए यदि लेबर की संख्या या कार्यों को दिन-रात किया जाना है तो उसे करना सुनिश्चित करें। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता रितेश अग्रवाल ने उपायुक्त को अवगत करवाते हुए बताया कि अस्पताल से सम्बन्धित सिविल वर्क 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि अन्य जो कार्य शेष बचे हैं, उन्हें बेहतर समन्वय बनाकर पूरा करने का काम किया जाएगा। इस मौके पर उपायुक्त ने बिजली निगम के अधिकारियों को बिजली कनैक्शन से सम्बन्धित जो कार्य हैं, उसे भी पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से जहां अस्पताल से सम्बन्धित कार्यों की वास्तविकता जांची वहीं उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि 11 सितम्बर तक अस्पताल से सम्बन्धित सभी कार्यों को पूरा कर लिए जाए ताकि इसका उदघाटन करवाकर जनता को यह सौगात समर्पित की जा सके।
इस मौके पर विधानसभा संयोजक रितेश गोयल ने बताया कि स्वास्थ्य के नाते लोगों को इस अस्पताल की सौगात मिलने से सुविधा होगी। स्वास्थ्य सेवाओं में निंरतर सुधार करते हुए उन्हें मजबूत करने का काम किया जा रहा है। आज नागरिक अस्पतालों में आने वाले मरीजों को निजी अस्पतालों की तर्ज पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
इस मौके पर सिविल सर्जन डा. रेणु बेरी, डा. पवनीश, डा. विजय वर्मा, डा. शिलकांत, डा. राहुल, डा. सुखप्रीत, कार्यकारी अभियंता रितेश अग्रवाल, कार्यकारी अभियंता निशांत राठी, कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग कर्णवीर सिंह, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार के साथ-साथ सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।









