अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला -रोटरी क्लब अम्बाला ने सात्विक सोशल फाउंडेशन एवं कपिल आई हॉस्पिटल के सहयोग से रोटरी वर्ष 2026-27 की अपनी महत्वाकांक्षी वर्षभर चलने वाली निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा परियोजना का शुभारंभ महावीर दल आई हॉस्पिटल, रामबाग रोड, अम्बाला छावनी में किया। इस सेवा परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक माह आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों की निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी कर उनकी दृष्टि लौटाने का प्रयास किया जाएगा। परियोजना के शुभारंभ अवसर पर सात्विक सोशल फाउंडेशन के श्री प्रमोद गर्ग एवं उनके सपुत्र निलेश गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। क्लब की ओर से उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया गया। परियोजना के प्रथम चरण में 10 जरूरतमंद मरीजों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न किए गए। इस अवसर पर मरीजों को बेहतर दृष्टि के साथ एक नया जीवन जीने की आशा मिली। क्लब ने संकल्प लिया कि यह सेवा परियोजना पूरे रोटरी वर्ष के दौरान प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीज इस सेवा का लाभ उठा सकें। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. विवेक मल्होत्रा ने कहा कि किसी व्यक्ति की दृष्टि लौटाना सबसे महान मानवीय सेवाओं में से एक है।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब अम्बाला समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. कपिल वोहरा ने इस सेवा कार्य में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना पूरे वर्ष निरंतर चलेगी और सैकड़ों मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। क्लब सचिव रोटेरियन डॉ. आर. आर. सूरी ने कहा कि यह परियोजना रोटरी के आदर्श वाक्य “सेवा ही सर्वोपरि’’को साकार करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस मासिक सेवा अभियान के माध्यम से अनेक परिवारों के जीवन में नई रोशनी आएगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री प्रमोद गर्ग, विशिष्ट अतिथि श्री निलेश गर्ग, रोटेरियन डॉ. अशोक नांद्रा, डॉ. नागपाल, पी.पी. विजय गुप्ता, डॉ. अनुपमा मल्होत्रा, पी.पी. इंदरदेव, पी.पी. संजीव गोयल, पी.पी. ए. डी. गांधी, डीडीजी नरेश भारद्वाज, रोटेरियन संदीप चोपड़ा, रोटेरियन पीपी पी. सी. जैन, रोटेरियन पीपी के. के. जैन, रोटेरियन सुरेन्द्र गोयल, रोटेरियन सुनील अग्रवाल, रोटेरियन संदीप गुप्ता तथा रोटेरियन पीपी पंकज गुप्ता सहित अनेक रोटेरियन्स एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा परियोजना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी पहल बताया। अंत में चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों तथा सभी रोटेरियन्स का आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से इस वर्षव्यापी सेवा परियोजना का सफल शुभारंभ संभव हो सका









