वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMBALA COVERAGE NEWS अंबाला स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा मैमोरियल वोकेशनल ट्रेनिंग सैंटर, राष्ट्रीय पंजाबी महासभा ने प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाण-पत्र के साथ वितरित की सिलाई मशीनें

अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की अम्बाला जिला इकाई द्वारा अम्बाला शहर के सैक्टर-9 में संचालित किए जा रहे स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा जी मैमोरियल वोकेशनल ट्रेनिंग सैंटर में सोमवार को बड़ी धूमधाम के साथ प्रशिक्षुओं के पहले बैच का प्रमाण पत्र वितरण और दूसरे बैच का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान इस संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी महिलाओं एवं कन्याओं को प्रमाण पत्र के साथ-साथ एक-एक सिलाई मशीन भेंट करके सम्मानित किया गया। महासभा के नैशनल प्रेसिडैंट एवं हरियाणा के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त अशोक कुमार मेहता और प्रदेश महासचिव एवं प्रोजैक्ट चेयरमैन चौ. राकेश भल्ला उगाला की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद मनीष आनंद मनी और विशिष्ट अतिथि पार्षद प्रतिनिधि अजय चावला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के जिला अध्यक्ष एवं प्रख्यात समाजसेवी सतीश चावला ने की। इस समारोह में अम्बाला नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर एवं पार्षद राजेश मेहता, महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विवेक हैप्पी चावला, जिला संरक्षक दिनेश ग्रोवर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरू वढेरा, महासचिव महेंद्र लक्की जुनेजा, उपाध्यक्ष राजकुमार नागपाल एवं अश्वनी साहनी, सचिव हरिंद्र गुलाटी, ऑडिटर तिलक राज अरोड़ा, समाजसेवी रोमी ग्रोवर, अनीता चावला, प्रशिक्षिका सुनीता रानी, विन्नी चावला,पी सी चावला, बजाज,रविंद्र घई, सतनाम नागपाल, जॉनी टक्कर,शैलेश दीवान, विजय मल्होत्रा, सत पाल बत्रा,निर्मल मेहरा, सुरिंदर अरोड़ा, प्रेम भाटिया और ओमपाल सहित पंजाबी समुदाय के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

पद्मश्री विजय चोपड़ा जी ने हमें ‘सत्कार अते सेवा’ का मूलमंत्र दिया : अशोक मेहता
राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के नैशनल प्रेसिडैंट एवं हरियाणा के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त अशोक कुमार मेहता ने कहा कि महासभा के संरक्षक पद्मश्री विजय चोपड़ा जी ने उन्हें ‘सत्कार अते सेवा’ का मूलमंत्र दिया, जिसके तहत महासभा के सभी सदस्य समाज के तमाम वर्गों का सम्मान सुनिश्चित करने और महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने एवं वंचित वर्गों के उत्थान में लगे हुए हैं। स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा जी महिलाओं को आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बनाने की पुरजोर समर्थक थीं, इसीलिए महासभा द्वारा उनकी पावन स्मृति में विभिन्न स्थानों पर वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किए गए हैं। विवाहित महिलाएं और अविवाहित कन्याएं इन संस्थानों में सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर आदि का प्रशिक्षण प्राप्त करके अपने परिवार को आर्थिक मदद प्रदान कर रही हैं।
अशोक मैहता ने कहा कि अम्बाला जिला इकाई ने महासभा के प्रकल्पों को बहुत तेजी से आगे बढ़ाया है, जिसके लिए जिला अध्यक्ष सतीश चावला और उनकी पूरी टीम साधुवाद की पात्र है। विशेष तौर पर महिलाओं को प्रशिक्षित करके रोजगार दिलाने में उनकी सराहनीय भूमिका रही है। अब अम्बाला शहर में पंजाबी भवन की स्थापना उनकी प्राथमिकता है, इसके लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी और पंजाबी समुदाय जिला इकाई को हर प्रकार का सहयोग देने को तैयार हैं।
अशोक कुमार मेहता ने कहा कि पंजाबी समुदाय को गर्व है कि वे लोग 10 सिख गुरुओं के वंशज हैं और आज राष्ट्रीय पंजाबी महासभा गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज की प्रेरणा और महासभा के संरक्षक पद्मश्री विजय चोपड़ा जी के मार्गदर्शन में समाजहित में काम कर रही है।

पद्मश्री विजय चोपड़ा जी ने बहुत प्रेरित किया : मनीष आनंद मनी
समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद मनीष आनंद मनी ने पद्मश्री विजय चोपड़ा जी के साथ एक संस्मरण सांझा करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में पद्मश्री विजय चोपड़ा जी ने उन्हें बहुत प्रभावित किया। वे राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के नैशनल प्रेजिडैंट अशोक मेहता के साथ उनके निवास पर पधारे थे। जब उन्होंने पद्मश्री विजय चोपड़ा जी की बातें सुनीं तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। देश विभाजन के समय पंजाबी समुदाय ने बहुत कुछ झेला, लेकिन उस समय देश और धर्म की खातिर अपना सर्वस्व न्यौछावर करने के बावजूद यह समुदाय पूरे स्वाभिमान के साथ फिर से खड़ा हुआ और आज हर क्षेत्र में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहा है। अपने संबोधन में मनीष आनंद मनी के साथ-साथ समारोह के विशिष्ट अतिथि पार्षद प्रतिनिधि अजय चावला और अम्बाला नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर एवं पार्षद राजेश मेहता ने भी राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पंजाबी समुदाय के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि अम्बाला में उन्हें सतीश चावला जैसे महान समाजसेवी का नेतृत्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि बात चाहे पंजाबी भवन की स्थापना की हो, वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट चलाने की हो या किसी अन्य प्रकल्प की हो, वह तन-मन-धन से राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के साथ हैं।

पहले बैच में 25 महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया, दूसरे बैच के लिए अब तक 36 का पंजीकरण : सतीश चावला
राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के जिला अध्यक्ष सतीश चावला ने बताया कि स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा जी मैमोरियल वोकेशनल ट्रेनिंग सैंटर के पहले बैच में 25 महिलाओं/कन्याओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। छह महीने के एक कोर्स के दौरान प्रशिक्षुओं ने बहुत सुंदर-सुंदर वस्त्र तैयार किए हैं। अब दूसरे बैच में प्रशिक्षण के लिए अब तक 36 महिलाओं/कन्याओं का पंजीकरण हो चुका है। महासभा द्वारा हर प्रशिक्षु को प्रमाण-पत्र के साथ-साथ सिलाई मशीन भी दी जाती है। इसके अलावा महासभा उनके रोजगार की भी व्यवस्था करती है। सतीश चावला ने एक बार फिर अम्बाला शहर में पंजाबी भवन की स्थापना का संकल्प दोहराते हुए राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के विभिन्न प्रकल्पों में योगदान देने वाले पंजाबी समुदाय की हस्तियों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि महासभा द्वारा भविष्य में अपनी गतिविधियों को और तेज करके समाजहित के कार्यों को गति प्रदान की जाएगी।

Ambala Coverage
Author: Ambala Coverage

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें

This will close in 0 seconds