अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ यमुनानगर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जालंधर से वाराणसी तक निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा बुधवार को मुलाना विधानसभा क्षेत्र के बराड़ा और उगाला पहुंची। दोनों स्थानों पर यात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी करते हुए संत गुरु रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। यात्रा के माध्यम से समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार तथा हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व मंत्री संतोष चौहान सारवान, पूर्व विधायक राजबीर बराड़ा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा, जसविंदर सिंह सहोता, मदन चौहान, दीपिका शर्मा, रॉकी राणा और विवेक शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।कार्यक्रम में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उनके विचारों और समाज सुधार के लिए दिए गए योगदान को याद किया गया। उनके द्वारा दिए गए संदेशों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए कहा गया कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढऩे के समान अवसर प्राप्त हों।श्री गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से जाति-पाति, ऊंच-नीच तथा सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता, प्रेम, करुणा और समानता का मार्ग दिखाया।
उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की, जहां किसी भी व्यक्ति के साथ उसकी जाति, वर्ग अथवा सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो। उनका जीवन दर्शन लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के सम्मान और सहयोग के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है।जालंधर से वाराणसी तक निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को संतों और महापुरुषों के विचारों से जोडऩे, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में समरसता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने श्री गुरु रविदास जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक एकता और भाईचारा किसी भी मजबूत समाज की आधारशिला हैं। महापुरुषों की शिक्षाएं केवल स्मरण करने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवनशैली में भी अपनाया जाना चाहिए।बराड़ा और उगाला में यात्रा के पहुंचने पर लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को सामाजिक एकता, सद्भाव और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने के संकल्प के रूप में मनाने का आह्वान किया गया।






