वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMBALA COVERAGE NEWS कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया

अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @  यमुनानगर हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार को सब्जी मंडी बराड़ा और सब्जी मंडी मुलाना का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडियों में सफाई व्यवस्था, किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं और मंडियों के विस्तार से जुड़े विषयों पर अधिकारियों से जानकारी ली तथा किसानों और आढ़तियों की समस्याएं भी सुनीं।कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।मंडी में सफाई व्यवस्था को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि सब्जी मंडियों में प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। अनाज मंडी और सब्जी मंडी की सफाई व्यवस्था के लिए अलग-अलग टेंडर किए जाने चाहिए, ताकि सब्जी मंडी की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा सके। उन्होंने बराड़ा सब्जी मंडी में सुलभ शौचालय की व्यवस्था करवाने, सीवरेज लाइन की मांग पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा बारिश के दौरान किसानों और आढ़तियों को परेशानी से बचाने के लिए शेड को आगे तक बढ़ाने के विषय पर भी चर्चा की।किसानों की मांग पर कृषि मंत्री ने सब्जी मंडी बराड़ा में आलू की बोली शुरू करवाने के विषय पर भी सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर बाजार और उचित सुविधाएं मिलनी चाहिए।
इस दौरान मुलाना के किसानों ने सब्जी मंडी के साथ गुड़ मंडी बनाने की मांग भी कृषि मंत्री के समक्ष रखी। कृषि मंत्री ने किसानों की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।इसके अतिरिक्त मार्केट कमेटी मुलाना की ओर से कृषि मंत्री को मांग पत्र सौंपकर मुलाना और साहा अनाज मंडियों में भी हरियाणा की अन्य मंडियों की तर्ज पर आलू, प्याज और टमाटर की खरीद शुरू करवाने का अनुरोध किया गया। इसमें बताया गया कि मुलाना और साहा क्षेत्र के आसपास के गांवों के किसानों को अपनी आलू, प्याज और टमाटर की फसल बेचने के लिए करीब 30 से 40 किलोमीटर दूर स्थित मंडियों में जाना पड़ता है। स्थानीय मंडियों में खरीद की सुविधा मिलने से क्षेत्र के किसानों को काफी राहत मिलेगी।कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान कर रही है। प्रदेश में गन्ने का भाव किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किया गया है और हरियाणा में गन्ने का भाव देश में सबसे अधिक है।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि रासायनिक खादों का अनावश्यक प्रयोग कम करना चाहिए। प्राकृतिक तरीके से खेती करने और सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने से किसानों को अतिरिक्त आमदनी के अवसर मिल सकते हैं। सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए योजनाएं चला रही है तथा कृषि यंत्रों पर सब्सिडी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों की जरूरतों के अनुसार सुविधाओं में सुधार किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल की बिक्री के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।इस अवसर पर मार्केट कमेटी बराड़ा के चैयरमेन कुलराज शर्मा, मार्किट कमेटी मुलाना के चेयरमैन जसमेर राणा, सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पिंटू कबीर व उपप्रधान अमर राणा, भाजपा मंडल महामंत्री तुषार अग्रवाल, खंड कृषि अधिकारी रवि कांत, सचिव मार्किट कमेटी राहुल व मांगे राम, एसडीओ सुनील कुमार  सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान किसान, आढ़ती और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Ambala Coverage
Author: Ambala Coverage

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें

This will close in 0 seconds