अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @यमुनानगर, 22 नवम्बर-कपाल मोचन मेले में जहां श्रद्धालु दूर-दराज से पवित्र सरोवरों में स्नान करने तथा अपनी मनचाही मुराद मांगने आते हैं, वहीं श्रद्धालु खरीदारी भी करते हैं तथा खरीदारी करने के बाद गोहाना के शुद्ध देसी घी के जलेब खाना नहीं भूलते है। प्रदर्शनी स्थल के नजदीक गोहाना के जलेब की स्टॉल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जलेब को बनाने वाले 65 वर्षीय बलजीत निवासी बुसाना ने बताया कि उन्होंने 30 रुपये महीने की नौकरी पर जलेबी बनानी सीखी थी, जलेबी बनाने का जुनून इतना बढ़ गया कि 1980 से उन्होंने अपना जलेबी बनाने का काम शुरू कर दिया जो बाद में जलेबी से गोहाना के जलेब के नाम से पूरे भारत में मशहूर हो गया। उन्होंने बताया कि कपाल मोचन मेले में वह वर्ष 2012 से लगातार मेला कपाल मोचन व्यासपुर में आ रहे है। इस बार भी उन्होंने मेला कपाल मोचन स्थल पर जलेब के दो स्टॉल लगाए है। जलेब बनाने में बलजीत के साथ उनका बेटा साथ देता है और इन दोनों के अलावा 8 कारीगर इन स्टॉल पर काम कर रहे है।
आपको बता दें कि गोहाना के जलेब किसी दुकान पर खाने को नहीं मिलते बल्कि भारत में लगने वाले मशहूर मेलों व जयन्तियों में खाने को मिलते है। बलजीत ने बताया कि उनके जलेब में न कोई रंग होता है और न कोई मसाला होता है। इनकी दुकान से कोई भी जलेब खरीदता है तो वह 20 दिन तक खराब नहीं होता है चाहे उसे फ्रिज में रख लें चाहे बाहर। बलजीत के जलेब सुरजकुण्ड, चण्डीगढ़ के कलाग्राम, कुरूक्षेत्र की गीता जंयती समारोह, देहरादून, जयपुर के पुष्कर मेले सहित ऐसे कई मशहूर मेले व जयन्ती है, जहां पर गोहाना के जलेब खाने का लोग इन्तजार करते है। बजलीत ने जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस मेले में उन्हें किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं हुई है, यहां सारा काम बेहद तरीके से किया गया है। बलजीत ने बताया कि इस मेले के बाद वह कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह में पहुंचेगें।मेले में लगी जलेब की स्टॉल पर खरीदारी करने पहुंचे राजपुरा निवासी जसबीर सिंह व उनकी पत्नी ने बताया कि वह हर साल अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ मेले में आते हैं और उनके लिए यह गोहाने का प्रसिद्ध जलेब खरीद कर ले जाते हैं।









