अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @अंबाला संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को लघु सचिवालय अम्बाला छावनी के सभागार में एसडीएम श्रीमती कनिका गोयल की अध्यक्षता में संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित स्थानीय लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संविधान के प्रति अपनी निष्ठा और कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली।
एसडीएम कनिका गोयल ने भारत का संविधान उद्देशिका की शपथ दिलवाते हुए कहा कि हम भारत के लोग भारत को एक सम्पूर्ण प्रभूत्व-सम्पन्न समाजवादी पंथनिरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्त, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त करने के लिए तथा उन सबमें व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता व अंखडता को सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढाने के लिए हम दृढ़संकल्प होकर इस संविधान को आत्मार्पित करते हैं।एसडीएम ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। संविधान में निहित मूल्यों को अपनाकर ही एक न्यायपूर्ण, समरस और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों में संवैधानिक मूल्यों, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को प्राथमिकता दें। साथ ही आमजन से भी संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने की अपील की।इस अवसर पर नायब तहसीलदार आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारीगण व कर्मचारी मौजूद रहें।








