अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला संविधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, अंबाला शहर परिसर में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हम सभी भारतीयों के लिए गौरव, सम्मान और आत्मचिंतन का अवसर है। भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है, जो नागरिकों को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उनके कर्तव्यों का बोध करवाता है तथा राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधता है।उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और नागरिकों की गरिमा का प्रतीक है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श हमें एक बेहतर, समावेशी और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए कहा कि हम, भारत के लोग शब्द लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति को दर्शाते हैं। हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता तथा सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करने की भावना रखता है।उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी, 1950 को यह पूर्ण रूप से लागू हुआ। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों का योगदान अतुलनीय एवं ऐतिहासिक रहा है। संविधान निर्माताओं ने ऐसे भारत की परिकल्पना की, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हों, किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को आगे बढऩे के समान अवसर मिलें।उपायुक्त ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान करता है, वहीं अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
संविधान का सम्मान करना, राष्ट्रीय ध्वज एवं राष्ट्रगान का आदर करना, देश की एकता और अखंडता बनाए रखना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज में भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देना ऐसे कर्तव्य हैं, जिन्हें प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध करवाएं। सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, जरूरतमंदों को समय पर सहायता प्रदान करना तथा नागरिकों की शिकायतों का गंभीरता से समाधान करना सुशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब आम नागरिक का व्यवस्था में विश्वास मजबूत हो और उसे महसूस हो कि शासन एवं प्रशासन उसके हित और कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।उपायुक्त ने अंबाला जिले के नागरिकों से भी अपील की कि वे संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं, आपसी भाईचारा बनाए रखें, कानून का सम्मान करें, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें तथा जिले के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।इसी क्रम में उपमंडल स्तर पर अंबाला छावनी में एसडीएम कनिका गोयल की अध्यक्षता में तथा अंबाला शहर में डीआरओ प्रदीप चहल की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम शिवजीत भारती, नगराधीश अभिषेक गर्ग, शिवालिक बोर्ड की कार्यकारी अधिकारी पूजा, आरटीए सुशील कुमार, जीएम रोडवेज अश्विन डोगरा सहित जिले के विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








