वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMBALA COVERAGE NEWS हेल्मेट पहनना केवल यातायात नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है- उपायुक्त सचिन गुप्ता

अमित अठवाल

अंबाला कवरेज @अंबाला  उपायुक्त सचिन गुप्ता ने आमजन से सडक़ सुरक्षा नियमों की पालना करने और दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेल्मेट पहनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सडक़ पर बरती गई छोटी-सी सावधानी न केवल अनमोल जीवन बचा सकती है, बल्कि परिवार की खुशियों को भी सुरक्षित रखती है। हेल्मेट पहनना केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाना है।उपायुक्त शुक्रवार को अपने कार्यालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एजेंडे में शामिल सडक़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों एवं लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।उपायुक्त ने कहा कि कई बार लोग घर से थोड़ी दूरी पर जाने या जल्दबाजी के कारण हेल्मेट पहनने से बचते हैं, जबकि सडक़ दुर्घटनाएं दूरी देखकर नहीं होतीं। दुर्घटना के समय हेल्मेट सिर को गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए दोपहिया वाहन चालक अच्छी गुणवत्ता वाला मानक के अनुरूप हेल्मेट पहनें और उसकी स्ट्रैप भी ठीक से बांधें। नागरिक चालान से बचने के बजाय अपनी सुरक्षा के लिए हेल्मेट पहनने की आदत विकसित करें।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं। लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करवाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में इन कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सडक़ सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में सडक़ों की मरम्मत, अवैध कट बंद करने, स्पीड ब्रेकर, हैजर्ड मार्कर, जेब्रा क्रॉसिंग, व्हाइट लाइनिंग और रिफ्लेक्टिव टेप लगाने सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।

इसके अलावा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनमें सुधार करने, रोड सेफ्टी ऑडिट, सडक़ों के पैचवर्क तथा अन्य सुरक्षा उपायों को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना हेल्मेट वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, ओवरस्पीडिंग सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सडक़ दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।बैठक में पुलिस विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि अक्तूबर 2026 के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 11,430 चालान किए गए। इनमें बिना हेल्मेट, ओवरस्पीडिंग, दोपहिया वाहन पर ट्रिपल सवारी, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, ड्रंकन ड्राइविंग, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र और बिना सीट बेल्ट सहित अन्य उल्लंघनों के मामले शामिल हैं। इन मामलों में 37 लाख 98 हजार 500 रुपये के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त आरटीए विभाग द्वारा चालानिंग मामलों में 97 लाख 70 हजार रुपये की राशि के चालान किए गए।उपायुक्त ने संबंधित विभागों को जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद गगनदीप, एसडीएम कनिका गोयल, आरटीए सुशील कुमार, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप, एनएचएआई से ललित एवं पुलकित, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ambala Coverage
Author: Ambala Coverage

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें

This will close in 0 seconds