अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @अंबाला उपायुक्त सचिन गुप्ता ने शुक्रवार को अपने कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति (खनन) की बैठक को लेकर जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों द्वारा की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें फील्ड में सक्रिय रहकर निगरानी करें। यदि कहीं भी अवैध खनन या खनिजों के अवैध परिवहन की गतिविधि सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में उपायुक्त ने माइनिंग विभाग, आरटीए विभाग, पुलिस विभाग तथा हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो द्वारा अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की। जिला खनन अधिकारी प्रियंका ने जानकारी देते हुए बताया कि अक्तूबर 2026 के दौरान जिले में कुल 38 वाहन जब्त किए गए। इनमें माइनिंग विभाग द्वारा 7, हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो(एनफोर्समेंट विभाग) द्वारा 25, माइनिंग एवं प्रवर्तन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 2, आरटीए विभाग द्वारा 3 तथा पुलिस विभाग द्वारा 1 वाहन जब्त किया गया।उन्होंने बताया कि इस दौरान कुल 38.11 लाख रुपये की राशि वसूली गई, जिसमें 27.50 लाख रुपये एनजीटी मुआवजा, रॉयल्टी एवं जुर्माने के रूप में तथा 10.61 लाख रुपये अवैध खनन के मामलों में वसूले गए। इसके अतिरिक्त 19 वाहनों को न्यायालय के आदेशों, जुर्माना अदा करने तथा अपील के आधार पर छोड़ा गया। वहीं, अवैध खनन से संबंधित 11 एफआईआर भी दर्ज की गईं।उपायुक्त ने संबंधित विभागों द्वारा की जा रही कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से जिले में संचालित स्टोन क्रशरों की संख्या तथा उनके द्वारा निर्धारित मानकों की पालना किए जाने के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी क्रशर निर्धारित नियमों एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप ही संचालित होने चाहिए।बैठक में उपायुक्त ने जिला सर्वे रिपोर्ट की प्रगति की जानकारी लेने के साथ-साथ अवैध खनन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों, हॉटस्पॉट स्थानों, चेक प्वाइंट एवं नाकों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर नियमित निगरानी रखने तथा आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद गगनदीप, एसडीएम नारायणगढ़ एवं एसडीएम बराड़ा (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), आरटीए सुशील कुमार, जिला खनन अधिकारी प्रियंका, पुलिस विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








