अमित कुमार अठवाल
अंबाला कवरेज @अंबाला-जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल संरक्षण एवं जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम साहा में विशेष अभियान चलाकर अवैध पेयजल कनेक्शनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।कार्यकारी अभियंता हरभजन सिंह के निर्देशानुसार अभियान के दौरान विभागीय टीम ने गांव में जांच करते हुए कई अवैध कनेक्शनों की पहचान की कर उन्हें नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी लोगों ने अपने अवैध कनेक्शन बन्द नहीं किए तो आज विभाग की टीम ने सभी अवैध कनेक्शन काट दिए।जिला सलाहकार श्री अमित खोसला ने बताया कि अवैध कनेक्शनों के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है तथा अंतिम छोर तक रहने वाले उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता।
विभाग को ग्रामीणों से जल दबाव कम होने एवं पेयजल की अनियमित आपूर्ति संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पेयजल का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए करें तथा टोंटी खुली न छोड़ें। पेयजल का उपयोग वाहन धोने, बाग-बगीचों की सिंचाई अथवा अन्य गैर-घरेलू कार्यों में न करें। जल संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और गर्मी के मौसम में पानी की एक-एक बूंद का महत्व बढ़ जाता है।श्री अमित खोसला ने कहा कि अवैध कनेक्शन लेने वालों के खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पेयजल की चोरी एवं दुरुपयोग को रोकने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान खंड समन्वयक सुनील कुमार, तथा विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।








