अमित कुमार अठवाल
अंबाला कवरेज @अंबाला-हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज यादव ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दूषित पेयजल अथवा जल गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रधान सचिव शुक्रवार को अंबाला स्थित किंगफिशर पर्यटन स्थल परिसर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उपायुक्त अजय सिंह तोमर सहित संबंधी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इससे पहले प्रधान सचिव का यहां पहुंचने पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने जिले में पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता तथा मानसून के दौरान बरती जा रही सावधानियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जल स्रोतों में क्लोरीनेशन व्यवस्था, बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण, जल सैंपलो की नियमित जांच तथा उनकी रिपोर्ट के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह भी जाना कि अब तक कितने पानी के सैंपल लिए गए, उनमें से कितने सैंपल मानकों पर खरे उतरे तथा जिन स्थानों पर कमियां मिलीं, वहां क्या सुधारात्मक कार्रवाई किए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में जल जनित बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में यदि कहीं भी पेयजल के दूषित होने, क्लोरीन की कमी अथवा अन्य कोई कमी की सूचना मिले तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
श्री पंकज यादव ने कहा कि स्वच्छ जल ही स्वस्थ जीवन का आधार है। प्रत्येक घर तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि नागरिकों को निर्बाध रूप से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता रहे।
बैठक के दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के पब्लिक हेल्थ शिकायत निवारण पोर्टल पर 88 प्रतिशत पब्लिक सैटिस्फैक्शन लेवल के साथ अंबाला के पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अधिकारियों के कार्यो की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क का परिणाम है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस स्तर को और बेहतर बनाने का प्रयास करें।
प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल की गुणवत्ता को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएं। यदि किसी स्थान पर क्लोरीनेशन उपकरण, मशीनरी अथवा अन्य संसाधनों की आवश्यकता हो तो उसकी विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को तत्काल भेजी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने सीवरेज व्यवस्था, जल निकासी, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल के सैंपलो की जांच नियमित एवं व्यापक रूप से की जाए, जिससे आमजन को हर समय स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने प्रधान सचिव को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी तथा जिले के प्रत्येक घर तक साफ, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभाग पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, पब्लिक हैल्थ के चीफ ईजीनियर दिनेश सैनी व राजीव बातिस, एससी पब्लिक हैल्थ विकास बालियान, सीएमओ रेणु बेरी, कार्यकारी अभियंता हरभजन सिंह, कार्यकारी अभियंता कर्णवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता अनिल चौहान, एसडीओ हरमिलाप सिंह, एसडीओ बलिंदर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहें।








