अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना- एसडीएम शिवजीत भारतीनारायणगढ़/अम्बाला, 26 जुलाई। राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ में जिला प्रशासन, अंबाला के तत्वावधान में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला (एमएमएपीयूवाई 2.0) का आयोजन किया गया। मेले में पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 19 विभागों की 47 जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा प्रदान की गई। इसके अलावा बैंक द्वारा वित्तीय सहायता, ऋण एवं बैंकिंग सेवाओं से संबंधित मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।मेले में जिला परिषद अंबाला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गगनदीप सिंह, एसडीएम शिवजीत भारती, बीडीपीओ जोगेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों का मार्गदर्शन किया तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।जिला परिषद अंबाला के सीईओ गगनदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से स्वरोजगार, कौशल विकास, वित्तीय सहायता, बैंक ऋण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे पात्र परिवारों की आय बढ़ाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।इस अवसर पर एसडीएम शिवजीत भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दे रही है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे अपनी पात्रता के अनुसार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए। पात्र नागरिकों ने परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किया।
मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले मेें हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम, हरियाणा पिछड़े वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ लि., हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, हरियाणा कौशल विकास निगम, रोजगार विभाग, सूक्ष्म-लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, उद्यान विभाग, मत्स्य पालन विभाग, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी, समाज कल्याण विभाग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग व पीएनबी आदि विभागों द्वारा स्टॉल के माध्यम से पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में कार्य किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।








