अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला दिनांक 26 जुलाई 2026 को पी.के.आर. जैन सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, अंबाला सिटी में सीबीएसई के तत्वावधान में “लाइफ स्किल्स एडवांस (Life Skills Advance)” विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम (Capacity Building Programme) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नीरू शर्मा ने सभी प्रतिभागियों एवं संसाधन व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि जीवन कौशल विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को नई शिक्षण विधियों से परिचित कराते हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम का संचालन संसाधन व्यक्तियों सुश्री चीनू शर्मा एवं डॉ. दीप्ति प्रभाकर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने सहभागितापूर्ण गतिविधियों, समूह चर्चाओं एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जीवन कौशल के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।प्रशिक्षण में जीवन कौशल में दक्षता निर्माण, संचयी चिकित्सा (क्यूम्युलेटिव थेरेपी) तथा जीवन कौशल का अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण एवं दैनिक जीवन में उसका प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। संसाधन व्यक्तियों ने बताया कि जीवन कौशल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन, सही निर्णय लेने की क्षमता, समस्या-समाधान, नेतृत्व, सहयोग की भावना तथा प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने इन कौशलों को कक्षा शिक्षण से जोड़ने के लिए अनेक रोचक एवं उपयोगी गतिविधियों का प्रदर्शन भी किया।प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित 60 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों एवं समूह चर्चाओं में भाग लिया तथा अपने अनुभव साझा किए।
इस प्रशिक्षण से शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी शिक्षण तथा जीवन कौशल आधारित शिक्षा को कक्षा में लागू करने के लिए उपयोगी सुझाव प्राप्त हुए।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या श्रीमती नीरू शर्मा ने संसाधन व्यक्तियों सुश्री चीनू शर्मा एवं डॉ. दीप्ति प्रभाकर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









