अमित अठवाल
अंबाला कवरेज @ अंबाला श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक आत्मोत्कर्ष चातुर्मास समिति 2026 एवं श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ (रजि.) अम्बाला शहर के तत्वावधान में रविवार को पंजाब केसरी आचार्य विजय वल्लभ सूरी समुदाय के वर्तमान गच्छाधिपति शांतिदूत जैनाचार्य श्रीमद् विजय नित्यनंद सूरीश्वर जी महाराज की आज्ञानुवर्तिनी साध्वी चन्द्रयशा जी महाराज एवं साध्वी पुनीतयशा जी महाराज साहिब का भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।प्रातः शांतिदेवी धर्मशाला से प्रारम्भ हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने साध्वीवृंद का स्वागत किया। शोभायात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की विशेष भागीदारी रही। इस अवसर पर धार्मिक ध्वजों के साथ महिला स्कूटी रैली, बैंड, ढोल, आकर्षक झांकियां तथा स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत पंजाबी लोकनृत्य भांगड़ा एवं गरबा नृत्य प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। पूरे वातावरण में नवकार महामंत्र एवं जयघोष गूंजते रहे, जिससे सम्पूर्ण नगर भक्तिमय हो उठा।आत्मोत्कर्ष चातुर्मास समिति के प्रधान सुरेंद्र जैन ने बताया कि चातुर्मास के दौरान धर्मसभा, प्रवचन, स्वाध्याय, तप, आराधना एवं विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर श्री श्वेतांबर मूर्ती पूजक संघ के प्रधान राजिंदर जैन, सचिव ऋषभ जैन, कोषाध्यक्ष पीयूष जैन, प्रॉपर्टी मैनेजर हेमेन्द्र विजय जैन, एस ए जैन सभा के प्रधान श्रेयांश जैन, मित्र मंडल के प्रधान मुनिश जैन, एस ए जैन विजय वल्लभ पब्लिक स्कूल के प्रधान संदीप जैन, सचिव रविकांत जैन, जिन भक्ति आराधना कमेटी के प्रधान मंदीप जैन, एस ए जैन सीनियर मॉडल स्कूल के प्रधान रजत जैन सहित शहर के गणमान्य नागरिक, समिति पदाधिकारी, महिला मंडल, युवक-युवती मंडल तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन के लिए समिति ने सभी सहयोगियों एवं सहभागी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।









